
नई दिल्ली, अयोध्या में श्रीराम मंदिर में दान और चढ़ावा चोरी मामले में 8 आरोपियों के खिलाफ एफ आई आर दर्ज होने के बाद श्रीराम तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चम्पत राय के इस्तीफा देने पर अखिल भारत हिन्दू महासभा ने चंपत राय पर तंज कसते हुए कहा कि इस्तीफा देने से वो निर्दोष सिद्ध नहीं हो सकते। हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने चंपत राय पर एफ आई आर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है।
हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता बी एन तिवारी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने दान एवं चढ़ावा चोरी प्रकरण में एफ आई आर होने के बाद आठ आरोपियों की गिरफ्तारी और चंपत राय के इस्तीफा देने के बाद अपने एक वीडियो संदेश में तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। वीडियो संदेश में कहा गया है कि हिन्दू महासभा द्वारा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भंग कर सभी ट्रस्टियों और पदाधिकारियों पर एफ आई आर दर्ज करने का बयान जारी करने के बाद आठ के विरुद्ध एफ आई आर और गिरफ्तारी के साथ चंपत राय के इस्तीफे का प्रकरण सामने आया। वीडियो संदेश के अनुसार 1949 से 1919 तक निरंतर 70 वर्षों तक न्यायिक वाद में हिंदुओं की प्रमुख पक्षकार रही अखिल भारत हिन्दू महासभा को ट्रस्ट से पृथक कर दान और चढ़ावा चोरी की पृष्ठभूमि निर्धारित कर दी गई थी।
बी एन तिवारी के अनुसार हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने अपने वीडियो संदेश में स्पष्ट कहा कि दान और चढ़ावा चोरी प्रकरण में केंद्र सरकार और राज्य सरकार के अनेक मंत्रियों के भी शामिल होने की संभावना है। इस प्रकरण की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच करवाकर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित होनी चाहिए। ऐसा होने पर ही कोई भी पुनः दान और चढ़ावा चोरी का दुस्साहस नहीं करेगा और राम भक्तों की धार्मिक आस्था भी सुरक्षित रहेगी। उन्होंने दोहराया कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को तत्काल प्रभाव से भंग कर ट्रस्ट का पुनर्गठन किया जाए और ट्रस्ट में अखिल भारत हिन्दू महासभा, निर्मोही अखाड़ा और अयोध्या के प्रमुख धर्माचार्यों को शामिल किया जाए।
राष्ट्रीय प्रवक्ता बी एन तिवारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि हिन्दू महासभा अपनी मांगों के समर्थन में राष्ट्रव्यापी आंदोलन शुरू करेगीं
