राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पुत्र गौरव बड़सर के अपहरण में पुलिस की संदिग्ध भूमिका पर भड़की हिन्दू महासभा

मुंबई, अखिल भारत हिन्दू महासभा के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आचार्य विजय प्रकाश मानव का 25 वर्षीय पुत्र गौरव बड़सर 31 मई की संध्या समय से लापता है। शाम के समय गौरव बड़सर अपनी पल्सर बाइक से किसी काम से घर से बाहर निकला था, किंतु अभी तक घर वापस नहीं लौटा है। गौरव के परिजनों ने गौरव के अपहरण की आशंका जताते हुए प्रकरण में थाना नवघर पुलिस की निष्क्रियता का गम्भीर आरोप लगाया है। यह जानकारी आज जारी बयान में राष्ट्रीय प्रवक्ता बी एन तिवारी ने दी। राष्ट्रीय प्रवक्ता बी एन तिवारी ने बताया कि आचार्य विजय प्रकाश मानव का परिवार मुंबई के भाईंदर पूर्व की लक्ष्मी चाल में रहता है। आचार्य विजय प्रकाश मानव हिन्दू महासभा के कार्यों और गौरक्षा के लिए अक्सर भारत भ्रमण पर रहते हैं। 31 मई को वो राजस्थान प्रवास पर थे। एक मई को उन्हें पुत्र के गायब होने की जानकारी उनकी पत्नी ने फोन पर उन्हें दी। वो तुरंत रेलमार्ग से मुंबई पहुंचे। उन्होंने अपने पुत्र गौरव के अपहरण की आशंका व्यक्त करते हुए स्थानीय पुलिस पर उनके पुत्र की तलाश करने में असहयोग करने का आरोप लगाया। हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने गौरव प्रकरण में पुलिस की भूमिका पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए कहा कि पुलिस गौरव के अपहरणकर्ताओं से मिली हुई हो सकती है। इसका प्रमाण गौरव के परिजनों द्वारा जिन व्यक्तियों पर शक जाहिर किया गया, पुलिस ने उनसे कठोरता से पूछताछ नहीं की और उन पर बिना विधिक कार्रवाई किए उन्हें छोड़ दिया गया। पुलिस गौरव के बंद मोबाइल की अंतिम कॉल के आधार पर छानबीन नहीं कर रही और न ही गौरव की मोटरसाइकिल का पता लगाने का प्रयास कर रही है। हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नितिन उपाध्याय ने भी नवघर थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए कहा कि पुलिस की यह हठधर्मिता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने पुलिस से गुमशुदा की प्राथमिकी को अपहरण की प्राथमिकी में परिवर्तित करने की मांग करते हुए गौरव की तत्काल तलाश कर उसे उसके परिजनों के सुपुर्द करने और अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार करने की मांग की है। बी एन तिवारी के अनुसार हिन्दू महासभा महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष हिन्दू श्री नागेश चाटे ने नवघर थाना पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि गौरव के साथ कुछ भी अनिष्ट हुआ तो उसके लिए नवघर थाना पुलिस होगी। उन्होंने अपनी चेतावनी में कहा कि पुलिस ने गौरव को तलाशकर शीघ्र ही उनके परिजनों को नहीं सौंपा तो हिन्दू महासभा आंदोलन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!