
बेनकाब अपराधी समाचार बिजनौर धामपुर
मोहम्मद आरिफ
बिजनौर के धामपुर-नगीना रोड पर एक बड़ा हादसा टल गया। पेट्रोल से भरे एक टैंकर का टायर फटने के बाद उसमें से तेल का रिसाव शुरू हो गया था। अग्निशमन विभाग की टीम ने समय रहते मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और संभावित आगजनी की घटना को टाल दिया।अग्निशमन केंद्र धामपुर को ग्राम मिलक जहांगीराबाद मोड़ के पास ट्रक संख्या यूपी 65 जेटी 9984 के टायर फटने और पेट्रोल रिसाव की सूचना मिली थी। पेट्रोल जैसी अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री के रिसाव से मौके पर गंभीर खतरे की स्थिति बन गई थी।सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टैंकर से लगातार पेट्रोल बह रहा था। फायर कर्मियों ने मोटर फायर इंजन का उपयोग कर फोम की पंपिंग शुरू की, जिससे आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया जा सका। आग लगने की आशंका को देखते हुए नगीना अग्निशमन केंद्र से भी एक अतिरिक्त फायर इंजन बुलाया गया।मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पांडेय और प्रभारी अग्निशमन अधिकारी शीशपाल सिंह ने मौके पर पहुंचकर पूरी कार्रवाई का नेतृत्व किया। इस ऑपरेशन के दौरान स्थानीय पुलिस भी तैनात रही और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा।इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया, जिससे क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली।फायर टीम ने पेट्रोल कंपनी के मैनेजर को घटना की सूचना दी। इसके बाद एक अन्य टैंकर मंगवाकर रिसाव हो रहे पेट्रोल को सुरक्षित तरीके से उसमें स्थानांतरित किया गया। रिफिलिंग की पूरी प्रक्रिया के दौरान, किसी भी चिंगारी से आग भड़कने की आशंका को रोकने के लिए फायर कर्मी लगातार फोम का छिड़काव करते रहे। सारा पेट्रोल सुरक्षित रूप से दूसरे टैंकर में भर दिया गया।
