
नई दिल्ली |अखिल भारत हिंदू महासभा के स्थापना दिवस पर जंतर-मंतर पर भारी शक्ति प्रदर्शन किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष रविंद्र कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान से आए सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने देश को ‘हिंदू राष्ट्र’ घोषित करने की मांग को लेकर हुंकार भरी। इस अवसर पर संगठन की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित एक ज्ञापन भी सौंपा गया।

हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता बी एन तिवारी ने आज जारी बयान में यह जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष रविंद्र द्विवेदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश की अखंडता को बनाए रखने के लिए भारत को संवैधानिक रूप से हिंदू राष्ट्र घोषित करना वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि संसद के दोनों सदनों में 'हिंदू राष्ट्र निर्माण विधेयक' पारित किया जाए। द्विवेदी ने जनसंख्या नियंत्रण और गौ-रक्षा के लिए केंद्रीय कानून बनाने पर भी जोर दिया।
स्थापना दिवस के मंच से मध्य प्रदेश इकाई में संगठनात्मक बदलाव की घोषणा की गई।

बी एन तिवारी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष मनीष कुमार मिश्र को पदोन्नत कर केंद्रीय कार्यकारिणी में राष्ट्रीय मंत्री मनोनीत करते हुए उन्हें मध्य प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया। उनके साथ ही रीवा के दीपेंद्र परिहार को राष्ट्रीय प्रचारक का दायित्व दिया गया है।भोपाल के रोहित दुबे को मध्य प्रदेश का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। विनोद जोशी को प्रदेश महामंत्री के साथ राजस्थान का अतिरिक्त प्रभार और लालजी शर्मा को प्रदेश संगठन मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के सोनिया विहार थाने के खिलाफ नारेबाजी की। प्रवक्ता बी.एन. तिवारी ने बताया कि कार्यकर्ता 'सुनीता' नामक महिला को न्याय दिलाने और आरोपी सुरेश गुप्ता पर FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। इस संबंध में पुलिस आयुक्त को भी पृथक ज्ञापन भेजा गया है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. यशपाल सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता मदनलाल गुप्ता, बी.एन. तिवारी, दिल्ली उपाध्यक्ष रवि शर्मा और महामंडलेश्वर ललितानंद जी महाराज सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
