पर्थ में प्रस्तावित विश्व के सबसे ऊंचे मंदिर निर्माण में सहभागी बनेगी हिन्दू महासभा – बी एन तिवारी
नई दिल्ली, अलीपुर स्थित खाटू श्याम दिल्ली धाम मंदिर परिसर में इंटरनेशनल श्रीराम वैदिक एंड कल्चरल यूनियन ऑस्ट्रेलिया के अध्यक्ष डॉक्टर दिलावर सिंह के नेतृत्व एवं अखिल भारत हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी और खाटू श्याम दिल्ली धाम के राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम गुप्ता जावेरी के सान्निध्य में राम नवमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर उपस्थित प्रतिनिधियों ने राम राज्य की स्थापना, हिन्दू राष्ट्र निर्माण, धर्म की जय और अधर्म का नाश, सनातन संस्कृति के वैश्विक विस्तार, मानव कल्याण और राष्ट्र की संप्रभुता की मंगलकामना के लिए 108 कुण्डीय यज्ञ हवन का आयोजन किया गया। विश्व शांति एवं सद्भावना के लिए यज्ञ में पूर्ण आहुति दी गई।
हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता बी एन तिवारी ने आज जारी बयान में यह जानकारी देते हुए बताया कि हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष स्वामी श्यामा नंद जी महाराज, राष्ट्रीय प्रवक्ता मदन लाल गुप्ता सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता हवन यज्ञ कार्यक्रम में सहभागी बने। विघ्नकर्ता हवन यज्ञ में पूर्णाहुति के उपरांत सभी उपस्थित प्रतिनिधियों ने खाटू श्याम भगवान सहित परिसर में स्थापित अन्य देवी देवताओं के दर्शन कर जियो और जीने दो तथा वसुधैव कुटुंबकम् की सनातनी अवधारणा को वैश्विक स्तर पर साकार करने का संकल्प लिया।
हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता बी एन तिवारी ने जारी बयान में बताया कि खाटू श्याम एवं अन्य देवी देवताओं के दर्शन के उपरांत खाटू श्याम दिल्ली धाम के कार्यालय में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में इंटरनेशनल श्रीराम वैदिक एंड कल्चरल यूनियन ऑस्ट्रेलिया के अध्यक्ष डॉक्टर दिलावर सिंह ने ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में 450 एकड़ भूमि पर श्रीराम मंदिर निर्माण का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भगवान श्रीराम ने उन्हें दर्शन देकर ऑस्ट्रेलिया में मंदिर का निर्माण करवाने की प्रेरणा दी। इस प्रेरणा से प्रेरित होकर उन्होंने इंटरनेशनल श्रीराम वैदिक एंड कल्चरल यूनियन नामक संस्था का ऑस्ट्रेलिया में पंजीकरण करवाया और मंदिर निर्माण के लिए ऑस्ट्रेलिया और भारत सहित अन्य देशों में संपर्क अभियान आरम्भ कर दिया। उन्होंने मंदिर का मॉडल प्रदर्शित करते हुए कहा कि 600 करोड़ रुपए की लागत से मंदिर निर्माण प्रस्तावित है। यह मंदिर 721 फुट ऊंचा होगा जो पृथ्वी पर सबसे ऊंचा मंदिर के रूप में इतिहास के पृष्ठों में स्वर्ण अक्षरों में अंकित होगा। डॉक्टर दिलावर सिंह ने कहा कि पर्थ में मंदिर निर्माण आरम्भ होने में दो से ढाई वर्ष का समय लग सकता है और इस अवधि में वो और उनकी संस्था भारत में दिल्ली अथवा हरिद्वार में से किसी एक स्थान पर ऐसे ही एक भव्य और विशाल श्रीराम मंदिर का संकल्प धारण करती है।
हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने इस अवसर पर इंटरनेशनल श्रीराम वैदिक एंड कल्चरल यूनियन ऑस्ट्रेलिया के अध्यक्ष डॉक्टर दिलावर सिंह द्वारा ऑस्ट्रेलिया में विश्व का सबसे ऊंचा मंदिर निर्माण के संकल्प पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत माता के इस लाल पर सम्पूर्ण भारतवासियों को गर्व है। ऐसे ही विलक्षण महापुरुष सनातन धर्म की पताका सम्पूर्ण विश्व में फैलाने के अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल श्रीराम वैदिक एंड कल्चरल यूनियन ऑस्ट्रेलिया द्वारा पर्थ और दिल्ली अथवा हरिद्वार में निर्मित होने वाले श्रीराम मंदिर निर्माण में सहभागी बनेगी और सम्पूर्ण मनोयोग से मंदिर निर्माण में श्रमदान करेगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने खाटू श्याम दिल्ली धाम के राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम गुप्ता जावेरी को भी दिल्ली में एक लाख वर्ग गज भूमि पर भव्य एवं अद्भुत खाटू श्याम मंदिर निर्मित करवाने पर हिन्दू महासभा की शुभकामनाएं दी।
बी एन तिवारी ने बताया कि घनश्याम गुप्ता जावेरी ने अपने संबोधन में मंदिर निर्माण में तन मन धन से सहयोग देने का वचन देते हुए कहा कि भगवान खाटू श्याम के आशीर्वाद से पर्थ और दिल्ली अथवा हरिद्वार में श्री राम मंदिर निर्माण का संकल्प अवश्य पूरा होगा। उन्होंने डॉक्टर दिलावर सिंह को अपनी संस्था का नई दिल्ली कार्यालय खाटू श्याम दिल्ली धाम परिसर से संचालित कर मंदिर निर्माण अभियान का संचालन करने का प्रस्ताव दिया। इस अवसर पर हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष स्वामी श्यामा नंद जी महाराज, राष्ट्रीय प्रवक्ता मदन लाल गुप्ता, वाचस्पति कुलवंत, सुधीर अग्रवाल, आशुतोष जी, ममता पटेल, रेखा जी, कुंदन लाल पटेल, अलका सैनी, कमल सिंह चौहान सहित विभिन्न वक्ताओं ने डॉक्टर दिलावर सिंह का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि वो इस धार्मिक अभियान में हम सभी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर मंदिर निर्माण के संकल्प को साकार करने में अपना सर्वस्व समर्पित कर देंगे।