
इटावा: सैफई स्थित मेडिकल यूनिवर्सिटी में मानसिक रोगी महिला से दुष्कर्म और उसके 5 माह की गर्भवती पाए जाने के सनसनीखेज मामले ने प्रदेश भर में आक्रोश पैदा कर दिया है. इस बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है.
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि “जब लाखों रुपए लेकर चाल-चरित्र की बात करने वाली भाजपा सरकार के स्वास्थ्य मंत्री के आर्थिक साझेदार बिना किसी जांच-पड़ताल और पुलिस वेरिफिकेशन के संविदा पर लोगों को रखेंगे, तो ऐसे कुकृत्य होना तय है. इसके लिए जो सबसे पहले दोषी है, कार्रवाई की शुरुआत उसी से होनी चाहिए.”
गौरतलब है कि सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के मानसिक रोग विभाग में भर्ती करीब 40 वर्षीय महिला, जो पिछले सवा साल से अस्पताल में रह रही थी, रूटीन मेडिकल परीक्षण में करीब 5 माह की गर्भवती पाई गई. प्रारंभिक जांच में सफाई कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है.
घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और महिला मरीजों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन मामले की गहन जांच में जुटे हैं और संदिग्ध कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है. इस मामले ने न सिर्फ स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोली है, बल्कि संविदा कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया पर भी बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. अब देखना होगा कि जांच के बाद दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है.
