जसवंतनगर में भीषण सड़क हादसा: लोडर चालक समेत दो की मौत, 5 घायल

इटावा: जनपद के जसवंतनगर क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी. ग्राम मलाजनी के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार लोडर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा भिड़ा. टक्कर इतनी भीषण थी कि लोडर के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई.

जानकारी के अनुसार, लोडर औरैया की ओर जा रहा था. रास्ते में चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सीधे खड़े ट्रक में जा घुसा. हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया.

इस भीषण हादसे में लोडर चालक संजू पुत्र राजकुमार निवासी ऊंचा अजीतमल और कल्लो पत्नी रामदास निवासी पल्लापुर, थाना मंगलपुर (कानपुर देहात) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. दोनों के शव वाहन में बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया.

हादसे में पांच अन्य लोग भी घायल हो गए. घायलों में ईशु पुत्र संजू, धोनी पुत्र संजू, रामदास पुत्र ललजु, महादेव निवासी मखोली थाना मूसानगर और भगवानदास शामिल हैं. इनमें भगवानदास को मामूली चोटें आई हैं, जबकि अन्य घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका उपचार अस्पताल में जारी है.

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कमल भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला. पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. हादसे के बाद क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!