उत्तर प्रदेशः अमेठी में साली पर जीजा के घर से जेवरात चोरी का आरोप, प्रेमी संग फरार होने की आशंका

अमेठी: जनपद के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है. यहां एक व्यक्ति ने अपनी साली पर घर में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार होने का आरोप लगाया है.

बता दें पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पीड़ित ने शिवरतनगंज थाने में दी गई. लिखित तहरीर में बताया कि उसकी अविवाहित साली, जो बिहार राज्य के कैमूर जनपद के ग्राम सिसोड़ा की रहने वाली है, पिछले कुछ समय से उसके घर पर रह रही थी. परिवार के लोग उस पर भरोसा करते थे और उसे घर के सदस्य की तरह ही रखते थे.

पीड़ित के अनुसार 4 मार्च को अचानक वह घर से गायब हो गई. जब परिवार के लोगों ने घर में रखे सामान की जांच की तो पता चला कि अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान भी गायब हैं. इसके बाद परिवार वालों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका.

पीड़ित का कहना है कि जब मोबाइल कॉल डिटेल की जांच की गई तो पता चला कि उसकी साली किसी युवक के लगातार संपर्क में थी. इससे यह आशंका जताई जा रही है कि वह उसी युवक के साथ घर से जेवरात और सामान लेकर फरार हो गई है.

इस घटना के बाद पीड़ित ने शिवरतनगंज थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस से साली की जल्द से जल्द तलाश कराने और चोरी हुए जेवरात व सामान की बरामदगी की मांग की है.

थानाध्यक्ष दयाशंकर मिश्रा ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है. पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!