हिन्दू महासभा नेत्री सुनीता को न्याय दिलवाने हेतु 16 मार्च को पुलिस मुख्यालय पर होगा प्रदर्शन – बी एन तिवारी

हिन्दू महासभा नेत्री सुनीता को न्याय दिलवाने हेतु 16 मार्च को पुलिस मुख्यालय पर होगा प्रदर्शन – बी एन तिवारी
नई दिल्ली, अखिल भारत हिन्दू महासभा की महिला इकाई हिन्दू महिला सभा बुराड़ी इकाई अध्यक्ष सुनीता पर गत तीन वर्षों से पुलिस थाना सोनिया विहार द्वारा हो रहे अन्याय के खिलाफ 16 मार्च को पुलिस मुख्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन का नेतृत्व हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी करेंगे। प्रदर्शनकारी पुलिस आयुक्त से मिलकर उन्हें अपनी मांगों का ज्ञापन भी सौंपेंगे। यह जानकारी राष्ट्रीय प्रवक्ता बी एन तिवारी ने आज जारी बयान में दी।


जारी बयान में बी एन तिवारी ने बताया कि सुनीता के पास अपनी मां से सन 2023 में क्रय किया गया 110 गज का एक भूखंड है। पड़ोसी सुरेश गुप्ता ने उसी भूखंड के नकली दस्तावेज बनवा लिए हैं और सुनीता के भूखंड पर अपना मालिकाना अधिकार जताता है। सुनीता द्वारा अपने भूखंड पर बाउंड्री करवाने के दौरान सुरेश गुप्ता सुनीता और उसके मजदूरों से झगड़ा करता है और फोन करके स्थानीय थाना सोनिया विहार की पुलिस बुलवा लेता है। पुलिस आरोपी सुरेश गुप्ता का पक्ष लेती है और अपनी वर्दी की ताकत का भय दिखाकर सुनीता को डरा धमका कर भगा देती है। यह सिलसिला निरंतर तीन वर्ष से जारी है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता बी एन तिवारी ने बताया कि प्रकरण पर संज्ञान लेते हुए हिन्दू महासभा कार्यकर्ता सुनीता को न्याय दिलवाने हेतु हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने 24 मार्च 2025 को पुलिस आयुक्त, पुलिस उपायुक्त और थाना सोनिया विहार को ज्ञापन दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के दबाव में ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए 13 सितंबर 2025 को थाना सोनिया विहार ने नोटिस जारी कर सुनीता से उसके भूखंड के क्रय विक्रय से संबंधित दस्तावेजों की पूरी श्रृंखला थाना अधिकारी को प्रदत्त करने का निर्देश दिया। निर्देश के अनुपालन में 11 दिसंबर को हिन्दू महासभा पदाधिकारियों के साथ सुनीता तत्कालीन थाना प्रभारी संजय प्रकाश भट्ट से मिली और उन्हें दस्तावेजों की पूरी श्रृंखला सौंप दी। थाना प्रभारी ने तत्काल जांच अधिकारी दीपेंद्र यादव को सुनीता और आरोपी सुरेश गुप्ता के दस्तावेजों की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। दीपेंद्र यादव ने आरोपी सुरेश गुप्ता के प्रभाव में आकर दस्तावेजों की जांच के निर्देश का पालन नहीं किया। कुछ ही समय में थाना प्रभारी संजय प्रकाश भट्ट का स्थानांतरण हो गया और पंकज सिंह ने नए थाना प्रभारी का दायित्व संभाला। सुनीता ने हिन्दू महासभा पदाधिकारियों के साथ मिलकर पंकज सिंह से भेंटवार्ता की और उन्हें संपूर्ण प्रकरण से अवगत करवाते हुए न्याय की गुहार लगाई। पंकज सिंह ने भी जांच अधिकारी दीपेंद्र यादव को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया, जो हवा हवाई साबित हुआ। अब थाना प्रभारी और जांच अधिकारी दोनों ही पीड़िता सुनीता का फोन तक नहीं उठा रहे हैं। पुलिस के इस नकारात्मक आचरण के लिए ही हिन्दू महासभा ने पुलिस मुख्यालय पर प्रदर्शन की घोषणा की है।
जारी बयान के अनुसार हिन्दू महासभा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र सिंह राजू पार्चा ने कहा कि इस प्रकरण से प्रतीत होता है कि थाना सोनिया विहार पुलिस पूरी तरह से भूमाफियाओं के प्रभाव में काम करते हुए आम जनता के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारी 16 मार्च को शाम तीन बजे पुलिस मुख्यालय पर एकत्र होंगे और थाना सोनिया विहार पुलिस के विरुद्ध सुनीता के न्याय पक्ष में अपनी आवाज बुलंद करेंगे। रद्दशनकारियो को हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रोफेसर यशपाल सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष केशव चौहान, राष्ट्रीय धर्माचार्य प्रमुख महामंडलेश्वर , राष्ट्रीय मंत्री सत्येंद्र झा, राष्ट्रीय प्रचार मंत्री , राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री केशव चंद्र और राष्ट्रीय प्रवक्ता मदन लाल गुप्ता सहित अनेक वक्ता संबोधित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!